लोकसभा सामान्य निर्वाचन में केंद्र के साथ ही कुशीनगर लोकसभा में भी भारतीय जनता पार्टी ने अपनी जीत की हैट्रिक लगा ली। कुशीनगर से वर्तमान सांसद तथा दूसरी बार भाजपा से प्रत्याशी बनाये गए विजय दुबे दुबारा इस चुनावी समर में विजय प्राप्त कर सांसद निर्वाचित हो गए। विजय दूबे ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन उम्मीदवार अजय प्रताप सिंह सैंथवार को 81790 मतों के अंतर से हरा कर जीत हासिल की
द चेतक न्यूज
कुशीनगर : लोकसभा सामान्य निर्वाचन में केंद्र के साथ ही कुशीनगर लोकसभा में भी भारतीय जनता पार्टी ने अपनी जीत की हैट्रिक लगा ली। कुशीनगर से वर्तमान सांसद तथा दूसरी बार भाजपा से प्रत्याशी बनाये गए विजय दुबे दुबारा इस चुनावी समर में विजय प्राप्त कर सांसद निर्वाचित हो गए। विजय दूबे ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन उम्मीदवार अजय प्रताप सिंह सैंथवार को 81790 मतों के अंतर से हरा कर जीत हासिल की।
लोकसभा चुनाव में सूबे के कुशीनगर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार विजय कुमार दूबे ने 81790 मतों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की। कांग्रेस – सपा गठबंधन के सपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू सिंह दूसरे नंबर पर रहे तथा बसपा के शुभ नारायण चौहान तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा से विजय दूबे की यह लगातार दुसरी और भाजपा की तीसरी जीत है।
विदित हो कि 1 जून को समाप्त हुई लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद 4 जून को हुई मतगणना में कुशीनगर लोकसभा से विजय कुमार दूबे को को कुल 5,16,345 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अजय प्रताप सिंह को कुल 4,34,555 मत मिले तथा बसपा से शुभनरायण चौहान 67,208 वोट हासिल हुए। इसके अलावा पडरौना से तीन बार विधायक रहे और पूर्ववर्ती सरकारों में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य जो कि अपनी जीत सुनिश्चित मानकर कुशीनगर की चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे थे, उनको मात्र 36,575 मत लेकर संतोष करना पडा और स्वामी प्रसाद मौर्य अपनी जमानत बचाने में भी नाकाम रहे।
सांसद विजय दुबे ने कहा कि
जीत हासिल करने के बाद नवनिर्वाचित सांसद विजय दुबे ने कहा कि विपक्षी दल ने जनता को खासकर दलित वर्ग को भ्रम में डाल दिया है कि भाजपा जीतेगी तो संविधान बदलकर आरक्षण खत्म कर देगी लेकिन ऐसा कुछ नहीं होगा और इस भ्रम को भाजपा तोड़ेगी। सांसद ने लगातार दुसरी और पार्टी के तीसरी जीत का श्रेय पीएम मोदी, सीएम योगी और पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में भी सभी ने अथक परिश्रम किया। अपने दुसरे कार्यकाल की प्राथमिकता के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि छितौनी – तमकुहीरोड रेल लाइन परियोजना, सरदारनगर-कुशीनगर रेल लाइन परियोजना, सडकों को गांव से जोडने का अभियान व हाटा के बाघनाथ चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है, उन्होंने अपनी जीत के लिए जनता को धन्यवाद दिया।
2019 के लोकसभा चुनाव में 3,37,560 मतों से जीते थे विजय
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कुशीनगर लोकसभा सीट पर मोदी लहर का पूरा असर दिखा था, इस सीट पर भाजपा ने कई वर्षों बाद अपना कब्जा वापस पाया। वर्ष 2014 में भाजपा के उम्मीदवार राजेश पांडेय ने 3,70,051 वोट हासिल कर जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की थी जबकि कांग्रेस उम्मीदवार आरपीएन सिंह 2,84,511 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने कांग्रेस के आरपीएन सिंह को 85560 वोटों से हराया था।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार को बदलते हुए विजय कुमार दुबे को पहली बार कुशीनगर सीट से चुनावी मैदान में उतारा और पार्टी का यह दांव काम आ गया तथा भाजपा उम्मीदवार ने 5,97,039 वोट हासिल कर जीत हासिल की, दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के एनपी कुशवाहा रहे थे, उन्हें 2,59,479 वोट मिले। अब इस चुनाव में नथुनी कुशवाहा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार ने 3,37,560 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इस वर्ष फिर 2024 में भाजपा ने विजय दुबे पर ही दांव लगाया और पार्टी ने लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाते हुए कुशीनगर की सीट अपने झोली में डाल ली। विजय दुबे कुशीनगर से दुबारा सांसद निर्वाचित हो गए लेकिन जीत का अंतर काफी कम हो गया, 2019 के चुनाव में जहां विजय को 3,37,560 मतों से जीत प्राप्त हुई थी तो वहीं 2024 के चुनाव में यह जीत का अंतर काफी कम होकर 81790 रह गया।