The Chetak News

सामूहिक विवाह समारोह में सुख दुःख के साथी बने 10 विवाहित जोड़े

द चेतक न्यूज

कुशीनगर : शुक्रवार को जिले के पडरौना नगर के अंबे चौक पर स्थित बुढ़िया माई मैरिज हाल परिसर 10 कन्याओं के सामूहिक विवाह का साक्षी बना। यह खूबसूरत आयोजन प्रसिद्ध समाजसेवी दीप नारायण अग्रवाल व वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू पाण्डेय द्वारा किया गया था। शुक्रवार को सुंदर लाल जोड़े में सजी 10 कन्याओं ने सिन्दूर दान के साथ ही अपने प्रियतम के साथ गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया।

विवाह समारोह के आयोजकों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को घर गृहस्थी के उपहार के साथ कन्याओं को उनके ससुराल के लिए विदा किया। शुक्रवार की सुबह 11 बजे शुरू हुए इस समारोह में विभिन्न आचार्यों के वैदिक मन्त्रोच्चारण के मध्य 10 कन्याओं को अपार जनसमूह की उपस्थिति में नव युगल के पवित्र रिश्ते को सामाजिक स्वीकृति प्रदान की। सामूहिक विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, विधायक मनीष जायसवाल मंटू, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि बुलबुल जायसवाल, ब्लाक प्रमुख  श्रीवास्तव समेत सभी अतिथियों ने नव युगलों को आर्शीवाद दिया और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इस मौके पर सांसद आरपीएन सिंह ने कहा कि इस प्रकार का पुनीत कार्य मानवीय कर्ज को चुकाने का सर्वश्रेष्ठ तरीका है। जरूरतमंदों की सेवा ही सच्चा मानव धर्म है, बेटियां प्रकृति की अनुपम उपहार है, उनके सुखमय जीवन के लिए किया गया योगदान ही श्रेष्ठ मानवीय मूल्य है, ऐसे आयोजन हर वर्ष होते रहना चाहिए।

आगन्तुक लोगों के प्रति आभार प्रकट करते हुए समारोह के आयोजक भाजपा के वरिष्ठ नेता पप्पू पांडेय तथा दीपनारायन अग्रवाल ने कहा कि आप सब की उपस्थिति हमारे लिए प्रेरणा का कार्य करती है, यह लगातार पांचवें वर्ष का सफल कार्यक्रम है, आगे भी अनवरत यह समारोह जारी रहेगा। विवाह में मैतुल मस्ताना ने अपने संगीत मंडली के साथ विवाह के पारंपरिक गीतों जैसे हल्दी गीत, कन्या निरीक्षण के समय गाए जाने वाले गीत व गाली आदि गाकर समारोह में चार चांद लगा दिया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बीएन मिश्र, डा. सुनीता पांडेय, डा. नीरेन पांडेय, नूतन दुबे, प्रमोद, शैलेंद्र सिंह, मनोज गोंड, किशन कुशवाहा, मानस मिश्र, चंदन पांडेय, अजय सर्राफ, महेन्द्र यादव, रामविजय यादव, रोशन चौधरी आदि सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन युवा समाजसेवी तथा व्यवसायी विक्रम अग्रवाल ने किया।

Exit mobile version