
आदित्य कुमार दीक्षित
द चेतक न्यूज
हरदोई, लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी में अपनी बात न सुने जाने से नाराज होकर पार्टी के एक बड़े पदाधिकारी ने बुद्धवार को पार्टी के पद से इस्तीफा दे दिया। उसने भारतीय जनता पार्टी पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी की हरदोई इकाई को अबतक की सबसे बेकार भाजपा पार्टी भी बताया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हरदोई निवासी डाक्टर अनुराग शुक्ल भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ में जिला संयोजक हैं, उनकी पत्नी की ड्यूटी पँचायत चुनाव में जिले के बेहन्दर ब्लॉक में लगी हुई है तथा अनुराग शुक्ला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी हुई है, कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अनुराग ने अपनी पत्नी की चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए अधिकारियों से गुहार लगायी थी लेकिन इसके बावजूद भी उनकी पत्नी की चुनाव ड्यूटी नहीं कटी, इससे नाराज होकर अनुराग शुक्ला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
अनुराग ने सोशल मीडिया पर अपने फेसबुक अकाउंट से पर भाजपा पर तमाम आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा लिखा है, उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि “मैं डॉक्टर अनुराग शुक्ला भाजपा जॉइनिंग 2008 से भाजपा की सेवा कर रहा हूँ तथा वर्तमान में जिला संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ भारतीय जनता पार्टी के पद पर कार्य कर रहा हूँ। एक कार्यकर्ता की हैसियत से जो कुछ कर पाया पार्टी के लिए वो सब कुछ तन, मन, धन से किया। हम कार्यकर्ताओं को देवतुल्य कहा जाता है लेकिन देवतुल्य कार्यकर्ताओं की सुनी नहीं जाती है। मेरी एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है, घर में 10 वर्ष का बेटा और 2 वर्ष की बेटी है, पत्नी चुनाव ड्यूटी करने बेहन्दर ब्लॉक में गयी है, दोनों बेटों को पड़ोसी पाल रहे हैं। हम ऐसी पार्टी के पदाधिकारी हैं जहां कार्यकर्ता देवतुल्य कहा जाता है, देवतुल्य शायद इसीलिए कहा जाता है क्योंकि वो अपनी बात किसी से कह नहीं पाते हैं। लानत है अपने कार्यकर्ता होने पर, बड़ी जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं कि आज की हरदोई भाजपा अबतक की सबसे कमजोर भाजपा है।
आज बहुत भारी मन से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के पद से अपना त्यागपत्र दे रहा हूँ। धन्यवाद, भारत माता की जय, जय जय सियाराम।”