
आदित्य कुमार दीक्षित
द चेतक न्यूज
झांसी : देश के आजादी की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक किला वाले जनपद झांसी में धूमधाम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस मौके पर वहां के जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने कलेक्ट्रेट पर झंडारोहण किया तत्पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने कहा कि आज 2 अक्टूबर है और न सिर्फ पूरा हिन्दुस्तान, बल्कि दुनिया के कई देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मना रहे हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था, उनका पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था, आगे चलकर लोगों के बीच वह बापू के नाम से पुकारे जाने लगे। बापू ने देश को अंग्रेजों के चंगुल से आजाद करवाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने सत्य और अहिंसा के सिद्धांत के दम पर अंग्रेजों को कई बार घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उनके अहिंसा के सिद्धांत को पूरी दुनिया ने सलाम किया, यही वजह है कि पूरा विश्व आज का दिन अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के तौर पर भी मनाता है। महात्मा गांधी के विचार हमेशा से न सिर्फ भारत, बल्कि पूरे विश्व का मार्गदर्शन करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। अंत में कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण , स्वच्छ भारत के अंतर्गत स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। बारिश के बावजूद खेल व अन्य गोष्ठियों का आयोजन भी किया गया, सभागार के साथ ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में भी विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें अपने अपने विचार व्यक्त किए गए।
