बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान पर हमले की साजिश रचने वालों में मुख्य आरोपी के रूप में कुशीनगर निवासी धनंजय सिंह की गिरफ्तारी हुई है, धनंजय सिंह की गिरफ्तारी पर उसके गांव का हर व्यक्ति हैरान है, लोगों का कहना है कि धनंजय काफी मिलनसार और अच्छे व्यक्तित्व का आदमी है, उसकी गिरफ्तारी की खबर गांव के लोगों के गले नहीं उतर रही है।
द चेतक न्यूज
कुशीनगर : बॉलीवुड के सुपरस्टार फिल्म अभिनेता सलमान खान पर हमले की साजिश रचने के मामले के मुख्य आरोपी धनंजय को मुम्बई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, कुशीनगर का रहने वाला धनंजय सिंह कई वर्षों से मुम्बई में रह रहा था। सलमान खान पर हमले की पूरी साजिश रचने के मामले में कुशीनगर के धनंजय सिंह का नाम जरूर आया है, लेकिन उसके गांव में पहचान विनम्र और शांत स्वभाव के युवक की है और गांव के लोग उसकी गिरफ्तारी की खबर को पचा नहीं पा रहे हैं। गांव में जो व्यक्ति भी सलमान के हमले की साजिश में धनंजय का नाम सुन रहा है, वह हैरान हो जा रहा है। धनंजय को नवी मुंबई पुलिस ने सलमान पर हमला करने की साजिश के मामले में एक दिन पूर्व गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच व मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उसका कनेक्शन लॉरेंस विश्नोई गैंग तथा पाकिस्तान से भी निकलकर सामने आ रहा है। धनंजय पर यह आरोप है कि वह सलमान खान पर होने वाले हमले को लीड कर रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पकड़ी गोसाई गांव के तपे सिंह के पुत्र धनंजय सिंह का नाम सलमान खान पर हमले की साजिश में मुख्य भूमिका में सामने आया है। धनंजय सिंह अपने एक और नाम अजय कश्यप से पहचान रखता है, हालांकि मजे की बात यह है कि उसके इस उपनाम को गांव में कोई नहीं जानता है। किसान के बेटे के रूप में पहचान रखने वाले धनंजय को गांव में काफी शांत और विनम्र स्वभाव के लिए जाना जाता है, धनंजय की मां आशा संगिनी हैं तो पिता किसान हैं। गांव वालों के मुताबिक धनंजय करीब छह-सात वर्ष पहले से ही मुंबई आता-जाता रहता है। एक नियमित अंतराल पर वह घर आकर एक सामान्य आदमी की तरह सबसे बातचीत और विनम्रता का व्यवहार करता था और फिर शहर वापस लौट जाता था, लेकिन उसके इस कारनामे की भनक तक लोगों को नहीं लगी। गांव में जिसने भी धनंजय सिंह की मुंबई में गिरफ्तारी की खबर सुनी, वह स्तब्ध रह गया, कोई इस बात को मानने को तैयार नहीं था कि वह ऐसा भी कर सकता है। धनंजय की गिरफ्तारी की सूचना के बाद उसके परिजन भी मुंबई पहुंच गए हैं।
धनजंय का नहीं है कोई भी आपराधिक रिकार्ड
धनंजय सिंह को सलमान खान पर हमले की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उसका अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी सामने आ रहा है लेकिन एक बड़ी बात यह भी है कि धनंजय का कोई भी आपराधिकरिकार्ड नहीं है और साथ ही स्थानीय थाने में उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला भी दर्ज नहीं है। इस सम्बन्ध में एसओ तुर्कपट्टी अनिल सिंह ने बताया कि स्थानीय थाने में उस पर कोई केस दर्ज नहीं है, गांव में उसकी पहचान एक अच्छे इंसान के तौर पर थी।