
बोले खंड शिक्षा अधिकारी, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
आदित्य कुमार दीक्षित
द चेतक न्यूज
कुशीनगर : जिले के विशुनपुरा विकासखण्ड के पटेरहा बुजुर्ग गांव के ग्रामीणों ने गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर विद्यालय का डेस्क, बेंच बेचने का आरोप लगाते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी को कार्यवाही करने के लिए ज्ञापन सौंपा है।ग्रामीणों द्वारा दिये गए ज्ञापन के मुताबिक बीते जनवरी माह की 7 तारीख को दोपहर पटेरहा बुजुर्ग स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक परमहंस के द्वारा ट्राली ट्रैक्टर मंगा कर उस पर विद्यालय का डेस्क बेंच लादकर कहीं भेजा जा रहा था, यह देखकर पास में ही क्रिकेट खेल रहे गांव के युवाओं ने इसका कारण पूछा तो कहा कि ये मरम्मत हेतु जा रहा है लेकिन कई दिनों बाद भी डेस्क बेंच न आने पर जब युवाओं ने प्रधानाध्यापक से पूछा तो उन्होंने इसके बारे में कुछ भी बताने से साफ मना कर दिया।
इस सम्बन्ध में गांव के युवा प्रदीप कुशवाहा ने खंड शिक्षा अधिकारी विशुनपुरा को एक शिकायती पत्र सौंपकर बताया गया है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा डेस्क बेंच विद्यालय से उठाकर कहीं भेज दिया गया है ,जिसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी विशुनपुरा देव मुनि वर्मा द्वारा विद्यालय पर पहुंचकर की गई, जांच में मामला सही पाए जाने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक के प्रथम दृष्टया दोषी पॉय जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तत्काल उसका जवाब देने की बात कही तथा उचित कारण न बताने की स्थिति में विभागीय कार्यवाही की चेतावनी दी गयी है।
इस संदर्भ में विशुनपुरा के खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने बताया कि विद्यालय प्रधानाध्यापक द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में आवश्यक कार्यवाही हेतु रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रस्तुत की जाएगी। श्री वर्मा ने बताया कि विद्यालय से डेस्क और बेंच कहीं भेजे गए हैं, इस बात को विद्यालय के प्रधानाध्यापक परमहंस के द्वारा स्वीकार भी किया गया है ।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विद्यालय के जिम्मेदार ही छात्रों के हित में सरकार के द्वारा उपलब्ध कराए गए सामानों को ऐसे गायब करेंगे तो फिर नौनिहालों का भला कैसे होगा ?

