
देश : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारतीय खेलों के इतिहास में तोक्यो पैरालम्पिक का हमेशा एक विशिष्ट स्थान रहेगा। मोदी ने अपने एक ट्वीट में कहा कि ये खेल प्रत्येक भारतीय को हमेशा याद रहेंगे और पीढि़यों को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय दल का प्रत्येक सदस्य चैम्पियन है और प्रेरणा का स्रोत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तोक्यो पैरालम्पिक में भारत ने अब तक के सबसे अधिक पदक जीते हैं, जिससे भारतीयों का हृदय उत्साह से भर गया है। उन्होंने खिलाडि़यों को लगातार सहयोग देने के लिए उनके परिजनों, खेल स्टाफ और प्रशिक्षकों की सराहना की। श्री मोदी ने कहा कि इस सफलता से खेलों में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की उम्मीद बढ़ी है।
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि ओलम्पिक और पैरालम्पिक में असाधारण आतिथ्य सत्कार, विस्तृत जानकारी और एकजुटता का संदेश फैलाने के लिए जापान, विशेषकर तोक्यो की जनता और जापान की सरकार की सराहना की जानी चाहिए।